तीखी नज़र विशेष: साहब! डेढ़ करोड़ की गैस तो सरकारी थी, पर जो 'साख' चोरी हुई है... उसका हिसाब कौन देगा ? ​




Mhasamund /


विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स और पलिस की प्राथमिक जांच के बाद 'तीखी नज़र न्यूज़' का बड़ा विश्लेषण; जानिए क्यों यह हफ्ता भर पुराना मुद्दा आज भी आपकी और हमारी जेब से जुड़ा है

​महासमुंद जिले में हुए बहुचर्चित गैस टैंकर कांड को हफ्ता भर बीत चुका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, विभागीय स्तर पर फाइलें दौड़ रही हैं और मुख्य आरोपी के रूप में एक खाद्य अधिकारी का नाम भी सुर्खियों में आ चुका है। आम तौर पर हफ्ता भर पुरानी खबरों को लोग 'बासी' मानकर भूल जाते हैं, लेकिन विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स और पुलिस प्रशासन द्वारा अब तक उजागर किए गए तथ्यों के आधार पर 'तीखी नज़र न्यूज़' आज आपको यह बताने आया है कि यह मामला सिर्फ एक सरकारी माल की चोरी का नहीं है।

​यह सीधे आपकी रसोई, आपके बजट और हमारे प्रशासनिक सिस्टम की साख पर हुआ एक ऐसा हमला है, जिस पर विश्लेषण करना बेहद ज़रूरी है।

​आपकी जेब का कनेक्शन: जब सरकारी 'गैस' उड़ती है, तो आम आदमी का 'बजट' बिगड़ता है

​मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ब्लैक मार्केट में खपाई गई गैस की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये आंकी गई है। हम और आप जब आज एक एलपीजी सिलेंडर रिफिल कराने जाते हैं, तो जेब खाली हो जाती है। ऐसे में जब प्रशासन की नाक के नीचे से इतनी भारी मात्रा में गैस सिलेंडर रिफिलिंग माफियाओं के हाथ ऊंचे दामों में बेच दी जाती है, तो वह सीधे तौर पर बाज़ार में कृत्रिम किल्लत  पैदा करती है। इसका सीधा असर आम उपभोक्ता पर पड़ता है, जिसे समय पर सिलेंडर नहीं मिलता या ज्यादा पैसे देने पड़ते हैं।

​ 

*थाने के भीतर से 'सेंधमारी': जब रक्षक ही कटघरे में हों, तो सुरक्षा की उम्मीद किससे?*


​इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला तथ्य जो पुलिस जांच और खबरों के माध्यम से सामने आया है, वह यह कि यह खेल किसी लावारिस जगह पर नहीं, बल्कि थाना परिसर के भीतर सुरक्षा में खड़े ज़ब्त ट्रकों के साथ खेला गया। कानून की सबसे सुरक्षित चौखट के भीतर से अगर साठगांठ करके सील से छेड़छाड़ की जाती है, तो यह व्यवस्था पर एक बहुत बड़ा सवालिया निशान है। यह सवाल केवल एक विभागीय अधिकारी की ईमानदारी का नहीं है, बल्कि उस पूरे सिस्टम की साख का है जिस पर आम जनता आंख मूंदकर भरोसा करती है।


*​छोटी मछलियों पर गाज, मगरमच्छों को बचाने का पुराना खेल?*


​शुरुआती पुलिस कार्रवाई के बाद विभागीय स्तर पर हड़कंप तो मचा है, लेकिन 'तीखी नज़र' का सीधा विश्लेषणात्मक सवाल यह है कि क्या बिना किसी बड़े रसूखदार या सिंडिकेट के शह के, करोड़ों की गैस को इस तरह बाजार में खपा देना मुमकिन है? इतिहास गवाह है कि जब भी ऐसे बड़े घोटाले उजागर होते हैं, तो अक्सर छोटे प्यादों को आगे कर दिया जाता है ताकि असली मगरमच्छ पर्दे के पीछे सुरक्षित बचे रहें। जनता अब देखना चाहती है कि जांच की यह आंच कहाँ तक पहुँचती है।



Post a Comment

Previous Post Next Post
💬 WhatsApp