कोमाखान : ग्राम उखरा स्थित पूर्व माध्यमिक शाला में शिक्षकों की भारी कमी के कारण छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकारमय होता नजर आ रहा है। स्कूल में वर्तमान में 77 से 80 बच्चे अध्ययनरत हैं, परंतु उनके लिए केवल दो ही शिक्षक नियुक्त हैं। उनमें से भी एक शिक्षक को अक्सर विभागीय या कार्यालयीन कार्यों हेतु बाहर जाना पड़ता है, जिससे मात्र एक शिक्षक के भरोसे पूरी शाला का संचालन हो रहा है।
इस गंभीर स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए ग्राम के पूर्व सरपंच एवं कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष, श्री नवनीत नाग ने प्रशासन से मांग की है कि शाला में अविलंब शिक्षकों की पदस्थापना की जाए। श्री नाग ने कहा कि एक शिक्षक के लिए सभी विषयों को पढ़ाना न केवल कठिन है, बल्कि इससे विद्यार्थियों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा भी प्रभावित हो रही है। यदि समय रहते शिक्षकों की कमी को पूरा नहीं किया गया, तो बच्चों के शैक्षणिक भविष्य पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
श्री नवनीत नाग ने शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि बच्चों के हित को देखते हुए इस मामले को प्राथमिकता दें और शाला में रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित करें, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को उचित शिक्षा का अधिकार मिल सके।

Post a Comment