पटेवा
महासमुंद जिले के ग्राम चिरको में किसानों के सबमर्सिबल पंप चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। पटेवा थाना क्षेत्र के चिरको गांव में किसान पुनित पटेल के खेत से हाल ही में जगुवार कंपनी का सबमर्सिबल पंप और केबल चोरी हो गए थे। पुलिस की जांच से पहले ही गांव के लोगों ने अपनी सतर्कता दिखाते हुए मामले को सुलझा लिया।
ग्रामीणों को गांव के ही आदतन चोर हिरामन निषाद और लोकेश ध्रुव पर शक हुआ। जब गांव के प्रमुख और बुजुर्गों ने एक बैठक बुलाकर उनसे कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों—दूधेश्वर पटेल, राजेश ध्रुव और युवराज ध्रुव के साथ मिलकर इस चोरी को अंजाम दिया था। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि ये लोग पहले भी कई बार पंप चोरी कर चुके हैं और चोरी का सामान गांव के ही सुखराम पटेल और भरत पटेल को कौड़ियों के दाम बेच देते थे।
ग्रामीणों ने मुख्य आरोपियों को पकड़कर पटेवा पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने अब भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और गिरोह के बाकी सदस्यों तथा चोरी का माल खरीदने वालों की तलाश तेज कर दी है। गांव के लोगों की इस जागरूकता ने न केवल इस चोरी का खुलासा किया, बल्कि पिछले कई मामलों की परतें भी खोल दी हैं।

Post a Comment