बागबाहरा :
देशभर में बढ़ते पेपर लीक मामलों और हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र-छात्राओं एवं विपक्ष के शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर हुई बर्बरतापूर्ण पुलिस कार्रवाई के विरोध में बागबाहरा में कांग्रेस का गुस्सा फूट पड़ा। खल्लारी विधानसभा युवा कांग्रेस और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया।
इस आक्रामक विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया और केंद्र सरकार की तानाशाही नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
छात्रों और विपक्ष पर दमन का आरोप
खल्लारी युवा कांग्रेस ने कहा कि देश का भविष्य कहे जाने वाले युवा जब अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, तो केंद्र सरकार तानाशाही रवैया अपनाते हुए उन पर पुलिसिया लाठीचार्ज करवा रही है।
गृह मंत्री के इशारे पर कार्रवाई का आरोप
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास के समीप शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे विपक्ष के नेताओं और कार्यकर्ताओं को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर दिल्ली पुलिस द्वारा जबरन डिटेन किया गया, जो लोकतंत्र की गला घोंटने जैसा है।
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी
उग्र प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में भारी संख्या में युवा कांग्रेस के साथी, स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता और खल्लारी विधानसभा के लोकप्रिय विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष द्वारकाधीश यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे।
लोकतंत्र की हत्या बर्दाश्त नहीं: द्वारकाधीश यादव
इस दौरान विधायक एवं जिलाध्यक्ष द्वारकाधीश यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो गया है। आए दिन पेपर लीक होना और उसके खिलाफ आवाज उठाने वाले छात्रों तथा विपक्षी नेताओं पर पुलिसिया बल प्रयोग करना इस सरकार की हताशा को दर्शाता है।
उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने अपनी तानाशाही नहीं छोड़ी, तो खल्लारी विधानसभा सहित पूरे प्रदेशभर में कांग्रेस पार्टी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
इस प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का जोश और आक्रोश साफ तौर पर देखने को मिला, जिससे बागबाहरा का राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया।


Post a Comment