कोमाखान
कोमाखान स्थित स्वामी आत्मानंद विद्यालय में शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के गठन की प्रक्रिया इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। समिति के सदस्य बनने के इच्छुक अभिभावकों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने-अपने नाम जमा किए जाने के बाद भी अब तक अध्यक्ष का चयन नहीं हो सका है। इसे लेकर अभिभावकों एवं स्थानीय लोगों में उत्सुकता बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, सदस्य बनने के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हुए लगभग एक सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है। इसके बावजूद अध्यक्ष का चयन नहीं होने से लोग समिति गठन की अगली प्रक्रिया और उसके पूरा होने की तिथि जानने को उत्सुक हैं।
इस संबंध में विद्यालय के प्राचार्य आर एस ठाकुर,से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि हाल ही में उनकी जिला शिक्षा अधिकारी से इस विषय पर चर्चा हुई है। जिला स्तर से शाला प्रबंधन समिति के गठन को लेकर एक-दो दिनों में नए निर्देश जारी होने की संभावना है। इसी कारण फिलहाल समिति गठन की प्रक्रिया को नए निर्देश प्राप्त होने तक स्थगित रखा गया है। निर्देश प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अध्यक्ष का चयन एवं समिति का गठन किया जाएगा।
स्थानीय लोगों का मानना है कि शाला प्रबंधन समिति विद्यालय के विकास, अभिभावकों की सहभागिता तथा विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे में नए निर्देश जारी होने के बाद समिति गठन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी होने की उम्मीद की जा रही है।

Post a Comment