ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष प्रदीप यादव ने जताई चिंता, शिक्षा विभाग से तत्काल शिक्षकों की नियुक्ति की मांग
कोमाखान।
शासकीय हाई स्कूल, कोमाखान (हिन्दी माध्यम) इन दिनों शिक्षकों की भारी कमी से जूझ रहा है। विद्यालय में गणित, भौतिकी (फिजिक्स) और विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों के अभाव के कारण विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। इससे न केवल विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता पर असर पड़ रहा है, बल्कि उनके भविष्य को लेकर अभिभावकों में भी चिंता बढ़ती जा रही है।
इस गंभीर समस्या पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष प्रदीप यादव ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता की मजबूत नींव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा होती है, लेकिन कोमाखान हाई स्कूल हिन्दी माध्यम में लंबे समय से विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की कमी के कारण छात्र-छात्राओं को पर्याप्त मार्गदर्शन नहीं मिल पा रहा है। विशेष रूप से गणित, भौतिकी और विज्ञान जैसे विषयों में शिक्षक नहीं होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई लगातार प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए यह स्थिति और भी चिंताजनक है। इन विषयों में मजबूत आधार और नियमित शिक्षण अत्यंत आवश्यक होता है, लेकिन शिक्षक नहीं होने से छात्रों को मजबूरी में स्वअध्ययन करना पड़ रहा है या फिर निजी कोचिंग का सहारा लेना पड़ रहा है, जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए संभव नहीं है।
प्रदीप यादव ने शिक्षा विभाग से मांग करते हुए कहा कि विद्यालय में रिक्त पदों पर शीघ्र स्थायी एवं योग्य शिक्षकों की नियुक्ति की जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारु रूप से संचालित हो सके और उनका भविष्य सुरक्षित रहे। उन्होंने कहा कि शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने उम्मीद जताई कि शिक्षा विभाग इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे कोमाखान हाई स्कूल हिन्दी माध्यम के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
.........................................
Advertise
कोचिंग क्लासेस अब आपके कोमाखान मे


Post a Comment