बागबाहरा।
नगर पालिका परिषद बागबाहरा क्षेत्र के विकास कार्यों में एक और नया अध्याय जुड़ गया है। वार्ड क्रमांक 10 (नवागांव) के निवासियों को लंबे समय से गरिमामय अंतिम संस्कार और बुनियादी सुविधाओं की जो आवश्यकता थी, उसे नगर पालिका प्रशासन ने संवेदनशीलता से पूरा किया है। आज वार्ड में राज्य प्रवर्तित मद से ₹34 लाख की भारी-भरकम लागत से बनने वाले आधुनिक मुक्तिधाम का भूमिपूजन और भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम संपन्न हुआ। यह जनहितैषी कार्य नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती खिलेश्वरी ताम्रध्वज बघेल एवं वार्ड पार्षदों के कर-कमलों से सादर संपन्न हुआ।
धूप और बारिश की परेशानी से मिलेगी परमानेंट निजात
इस गौरवपूर्ण अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष खिलेश्वरी ताम्रध्वज बघेल ने वार्डवासियों को बधाई देते हुए कहा कि नवागांव में इस सर्वसुविधायुक्त मुक्तिधाम के बन जाने से स्थानीय नागरिकों को धूप और बारिश के मौसम में होने वाली भारी दिक्कतों से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी। उन्होंने नगर पालिका की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि "नगर का चहुंमुखी विकास और आम जनता की सहूलियत हमारी पहली प्राथमिकता है।" शहर में जहाँ भी नाली, सड़क या अन्य बुनियादी ढांचे की आवश्यकता है, उसे पूरी कार्ययोजना बनाकर प्राथमिकता से पूरा किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने ठेकेदार को दो टूक निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और काम तय समय सीमा में पूरा किया जाए।
पर्यावरण संरक्षण का बड़ा संदेश: 'जब तक वन है, तब तक मानव जीवन है'
विकास कार्यों के साथ-साथ अध्यक्ष श्री मति बघेल ने पर्यावरण के प्रति अपनी गहरी चिंता और जिम्मेदारी भी प्रदर्शित की। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय और पालिका टीम के साथ मिलकर मुक्तिधाम परिसर में वृक्षारोपण किया। उन्होंने एक बेहद प्रेरक संदेश देते हुए कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा केवल सरकार की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए पेड़ लगाना और उन्हें बचाना बेहद जरूरी है। स्वच्छ पर्यावरण ही हमारे स्वस्थ जीवन का असली आधार है।
इस गरिमामय और ऐतिहासिक कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष देवेश साहू, पार्षद थानू पांडे, मंता यादव, मिथुन अमीर, रमेश ठाकुर, मेनका साहू, पोखराज साहू, ताम्रध्वज बघेल, हालदार जी, ईश्वर ठाकुर, प्रहलाद चंद्राकर, बिसहत ठाकुर, पवन चंद्राकर, गिरीश ठाकुर, कालेश्वर ठाकुर, थानवार कुलदीप, सीतल कुर्रे, नीरज चंद्राकर, सर्वेश चंद्राकर, मनीष ठाकुर, अभिषेक ठाकुर, राजेश चंद्राकर, भूपेंद्र ठाकुर, आर्यन चंद्राकर सहित मुख्य नगर पालिका अधिकारी गिरीश चन्द्रा एवं पालिका के कर्मठ कर्मचारी और भारी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस शानदार पहल के लिए नगर पालिका प्रशासन का आभार जताया।

Post a Comment