महासमुंद:
नगर पंचायत तुमगांव में प्रशासनिक लापरवाही और उदासीनता की एक बड़ी मिसाल सामने आई है। वार्ड क्रमांक 04 में पूर्व कार्यकाल के दौरान 'R S मद' से बनाया गया 'हमर क्लिनिक' पूरी तरह बनकर तैयार है, लेकिन इसे जनता के लिए खोलने की जहमत अब तक किसी ने नहीं उठाई। भवन तैयार है, सुविधाएं मौजूद हैं, फिर भी आम जनता बुनियादी स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित है।
विधायक के हस्तक्षेप के बाद उम्मीद की किरण
क्षेत्र की इस बड़ी समस्या को गंभीरता से लेते हुए, स्थानीय भाजपा नेता धर्मेन्द्र यादव ने महासमुंद के लोकप्रिय विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के समक्ष इस मुद्दे को पुरजोर तरीके से उठाया। यादव ने स्पष्ट किया कि क्लिनिक के बंद पड़े होने से बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को इलाज के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।
विधायक ने दी अधिकारियों को कड़ी फटकार
आम जनता की तकलीफों को देखते हुए विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने इस देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल प्रभाव से अधिकारियों को क्लिनिक शुरू करने का निर्देश दिया है। विधायक का साफ संदेश है कि जनसुविधाओं से जुड़ी इमारतों को 'शो-पीस' बनाकर रखना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अब खुलेगा स्वाक्यास्थ्य का द्वार?
सवाल यह है कि आखिर स्वास्थ्य विभाग और नगर प्रशासन किस दिन का इंतजार कर रहा था? क्लिनिक के लोकार्पण में हो रही यह लेटलतीफी सीधे तौर पर जनता के स्वास्थ्य अधिकारों के साथ खिलवाड़ है।
इस अवसर पर नगर के वरिष्ठ नेता, पूर्व एवं वर्तमान मंडल अध्यक्ष, नगर उपाध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, पार्षदगण, पार्टी कार्यकर्ता और मंडल पदाधिकारी सहित धर्मेन्द्र यादव (विधायक प्रतिनिधि) प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विधायक के आदेश के बाद प्रशासनिक मशीनरी कितनी जल्दी हरकत में आती है और कब तक यह क्लिनिक वास्तव में मरीजों के इलाज के लिए शुरू हो पाएगा।



Post a Comment