महासमुंद। पटेवा
महासमुंद जिले में ऑनर किलिंग का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बेटी के अपनी मर्जी से शादी करने से नाराज पिता ने अपने सगे भाईयों के साथ मिलकर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी पिता को गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला ?
मिली जानकारी के अनुसार, मामला पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम तुरेंगा का है। 17 जून को गांव के ही एक खेत में अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ था, जिसके गले और शरीर पर धारदार हथियारों के गंभीर निशान थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, तो पता चला कि मृतका ने अपनी पसंद से शादी (लव मैरिज) की थी, जो उसके पिता उमेश सिंह, चाचा और ताऊ (राजेश सिंह) को बिल्कुल पसंद नहीं था।
बहला-फुसलाकर ले गए सुनसान खेत में
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पिता और उसके भाईयों ने युवती की हत्या की गहरी साजिश रची थी। वे उसे बहला-फुसलाकर सुनसान खेत में ले गए, जहां धारदार हथियार से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।
सूरत से दबोचा गया मुख्य आरोपी
घटना को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी पिता उमेश सिंह फरार हो गया था। महासमुंद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और मुखबिरों की मदद से गुजरात के सूरत में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, आरोपी के कपड़े और मोबाइल भी बरामद कर लिए हैं।
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
गिरफ्तारी के बाद मुख्य आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की तैयारी है।


Post a Comment