छत्तीसगढ़ सरकार पर बरसे विधायक प्रतिनिधि शहजान पाशा: बिजली दरों में वृद्धि को बताया जनविरोधी फैसला, कहा- 'यह जनता की जेब पर डाका'






महासमुंद / बागबाहरा 


छत्तीसगढ़ विद्युत नियामक आयोग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बिजली दरों में की गई औसतन 6.23% की वृद्धि को लेकर खल्लारी विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि एवं कांग्रेस नेता शहजान पाशा ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। पाशा ने इस फैसले को भाजपा सरकार की घोर विफलता और जनविरोधी नीतियों का परिणाम करार दिया है।


​सरकार पर जमकर बरसे पाशा


शहजान पाशा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि एक तरफ आम जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश की भाजपा सरकार ने बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी कर जनता की कमर तोड़ने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बिजली कंपनियों के घाटे का बोझ सीधे आम उपभोक्ताओं, किसानों और छोटे व्यापारियों पर डाल रही है।

​जनता के साथ विश्वासघात

पाशा ने कहा, "यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि वितरण कंपनी द्वारा प्रस्तावित 24% की बढ़ोतरी की आड़ में सरकार ने 6.23% की जो वृद्धि की है, वह जनता के साथ एक क्रूर मजाक है। घरेलू उपभोक्ताओं पर 30 से 50 पैसे और किसानों पर 40 पैसे की अतिरिक्त मार यह साबित करती है कि यह सरकार गरीब विरोधी है।"





    

प्रमुख बिंदु जिन पर जताई आपत्ति:



​किसानों का शोषण: कृषि पंपों की दरों में वृद्धि करके सरकार ने अन्नदाता को हताश किया है।

​अग्रिम भुगतान की छूट में कटौती: बिल का एडवांस भुगतान करने वालों के लिए 1.25% से घटाकर 0.75% करना सरकार की छोटी मानसिकता को दर्शाता है।

​व्यवसायिक वर्ग पर बोझ: छोटे व्यापारियों और दुकानदारों पर 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट की अतिरिक्त वृद्धि से व्यापार जगत में भारी रोष है।



सरकार से मांगा जवाब



शहजान पाशा ने तीखे सवाल करते हुए पूछा कि आखिर राज्य के लोग इस महंगी बिजली का भुगतान कैसे करेंगे? उन्होंने कहा कि सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए जनता को राहत देने के बजाय उन पर आर्थिक बोझ लाद रही है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी वृद्धि के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी और जब तक दरों में कटौती नहीं की जाती, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

​पाशा ने अंत में सरकार को चेतावनी देते हुए कहा, "जनता सब देख रही है और आने वाले समय में भाजपा सरकार की इस तुगलकी फरमान का बखूबी जवाब देगी।"

Post a Comment

Previous Post Next Post
💬 WhatsApp