पिथौरा: सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर बवाल, एक वोट से बची कुर्सी

 


  पिथौरा  


ग्राम पंचायत ठाकुरदिया में सरपंच मनोज सिन्हा के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को लेकर माहौल गरमा गया है। सरपंच के खिलाफ लाए गए इस प्रस्ताव पर मतदान के दौरान केवल एक वोट के अंतर से अविश्वास प्रस्ताव पारित नहीं हो सका, जिसके बाद ग्रामीणों ने भारी हंगामा खड़ा कर दिया।

​क्या है पूरा मामला?

​अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 13 मत पड़े, जबकि सरपंच के समर्थन में मात्र 4 मत मिले। इस पूरी प्रक्रिया में एक मत के निरस्त होने के कारण अविश्वास प्रस्ताव आवश्यक बहुमत हासिल नहीं कर सका और सरपंच मनोज सिन्हा अपनी कुर्सी बचाने में सफल रहे।


​ग्रामीणों ने लगाए धांधली के आरोप 


​परिणाम घोषित होते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए। बड़ी संख्या में ग्रामीण तहसील कार्यालय पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तहसील परिसर का घेराव कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि एक वैध मत को जानबूझकर निरस्त किया गया है ताकि अविश्वास प्रस्ताव विफल हो जाए। ग्रामीणों ने पूरी मतदान प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।


​देर रात तक चला प्रदर्शन 


​प्रदर्शनकारी लगातार तहसीलदार और एसडीएम को मौके पर बुलाने और मतदान प्रक्रिया व निरस्त किए गए मत के संबंध में स्पष्ट जानकारी देने की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना था कि अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति स्पष्ट करें। ग्रामीणों के अनुसार, शाम करीब 7 बजे तक भी कोई वरिष्ठ अधिकारी प्रदर्शन स्थल पर नहीं पहुंचा, जिससे लोगों की नाराजगी और बढ़ गई। इसके बाद भी ग्रामीण देर रात तक तहसील परिसर में डटे रहे और न्याय की मांग करते रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
💬 WhatsApp