दिव्यांग युवक के लिए मसीहा बने खल्लारी विधायक, बैटरी ट्राइसाइकिल और आर्थिक सहायता की पहल

 ​


बागबाहरा: 

खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के विधायक द्वारिकाधीश यादव ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए एक दिव्यांग युवक की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। उन्होंने युवक को बैटरी चलित ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने और आर्थिक मदद दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है।


  ​क्या है पूरा मामला?


बागबाहरा के वार्ड क्रमांक 13, फुलवारी पारा निवासी किशोर बघेल गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं। दिसंबर 2024 में गैंग्रीन की बीमारी के चलते उनके दोनों पैर घुटनों के ऊपर से काटने पड़े थे। इस घटना के बाद से ही किशोर न केवल दिव्यांगता का जीवन जीने को मजबूर हैं, बल्कि उनका परिवार भारी आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहा है। परिवार में अपनी पत्नी और छोटे बच्चे की जिम्मेदारी संभालने वाले किशोर के पास आय का कोई साधन नहीं बचा है और इलाज में भी भारी खर्च हो चुका है।


​   विधायक की त्वरित पहल 


अपनी व्यथा लेकर विधायक द्वारिकाधीश यादव के पास पहुंचे किशोर बघेल की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने तुरंत मदद का आश्वासन दिया।


​ट्राइसाइकिल की व्यवस्था: 


विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सरकारी योजनाओं के अंतर्गत किशोर को बैटरी वाली ट्राइसाइकिल प्राथमिकता से उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।


​मुख्यमंत्री को पत्र: 


इसके अतिरिक्त, विधायक ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर किशोर बघेल की दयनीय आर्थिक स्थिति से अवगत कराया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि नियमनुसार किशोर को 'स्वेच्छानुदान राशि' स्वीकृत की जाए ताकि परिवार का भरण-पोषण हो सके।

​विधायक द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि जरूरतमंदों की मदद करना उनकी प्राथमिकता है और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना उनका संकल्प है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
💬 WhatsApp