कोमाखान।
महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोमाखान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सुवरमाल चौक के पास बस का इंतजार कर रहे एक महिला आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 16 किलो 820 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिलेभर में गांजा तस्करी, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान कोमाखान थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एनएच-353 स्थित सुवरमाल चौक के पास एक महिला और एक युवक बैग में गांजा रखकर बस का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम कामिनी खाण्डे, उम्र 20 वर्ष, निवासी हरदी थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर बताया। उसके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक भी मौजूद था।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा के एम. रामपुर क्षेत्र से लेकर छत्तीसगढ़ के पथरिया, जिला मुंगेली पहुंचाने की तैयारी में थे।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 16.820 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 8 लाख 41 हजार रुपये बताई गई है, बरामद किया। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 8 लाख 61 हजार रुपये आंकी गई है।
महिला आरोपी के खिलाफ कोमाखान थाना में अपराध क्रमांक 141/2026 के तहत धारा 20(B)(II)(B) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। वहीं मामले में शामिल विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस द्वारा मामले की आगे जांच की जा रही है।

Post a Comment