बागबाहरा / कोमाखान
गर्मी का पारा कम तो हुआ नही , लेकिन बिजली विभाग की घोर लापरवाही और मनमानी से जनता का पारा उससे कहीं ऊपर पहुँच चुका है। स्थिति यह है कि हल्की सी हवा चलते ही बिजली विभाग के इंसुलेटर जवाब दे जाते हैं। बीती रात से ही बिजली गुल है और ग्रामीण इलाकों में लोग अंधेरे और उमस के बीच रात बिताने को मजबूर हैं।
मेंटेनेंस के नाम पर सिर्फ छलावा?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर मेंटेनेंस के नाम पर लाखों रुपये का बजट कहाँ खर्च हो रहा है ? कुछ महीने पहले ही क्षेत्र में मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली कटौती की गई थी, लेकिन उस 'मेंटेनेंस' का असर कहीं नजर नहीं आ रहा। पहली ही आंधी-बारिश में सिस्टम फेल होना इस बात का प्रमाण है कि विभाग ने कागजों में काम निपटाकर जनता को अंधेरे में छोड़ दिया है।
बिजली गुल, पर 'स्मार्ट' मीटर दौड़ रहा सरपट
विभाग की कार्यप्रणाली की 'महिमा' अपरंपार है भले ही घरों की बत्ती गुल हो, लेकिन घर के बाहर टंगा 'जादुई बक्सा' यानी स्मार्ट मीटर पूरी रफ्तार से दौड़ रहा है। बिजली मिले न मिले, बिल की रकम का मीटर ओलंपिक की गति से भाग रहा है। पंखे, कूलर और एसी सिर्फ दीवारों की शोभा बढ़ा रहे हैं, लेकिन स्मार्ट मीटर का 'करंट' जनता की जेब पर भारी पड़ रहा है।
ग्रामीण इलाकों में बिजली कटौती के कारण पीने के पानी की समस्या ने विकराल रूप ले लिया है। पंप न चलने से लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं, लेकिन विभाग को जनता की इस बुनियादी जरूरत से कोई सरोकार नहीं है।
बिजली विभाग की कार्यशैली पर तंज कसते हुए लोग कह रहे हैं कि विभाग के पास नियम केवल आम आदमी के लिए हैं:बिजली सेवा: देने में कछुए से भी धीमी रफ्तार। कनेक्शन काटना: बिल में एक दिन की देरी हुई नहीं कि विभाग की फुर्ती चीते जैसी हो जाती है। बिना किसी पूर्व सूचना के कनेक्शन काटना अब विभाग का मुख्य 'आउटपुट' बन गया है।
'तीखी नज़र' का तीखा सवाल
जनता बेहाल है, पसीने से तर-बतर है और हाथ में पंखा झलते हुए बस यही सोचने को मजबूर है कि क्या वे बिजली का उपभोग कर रहे हैं या किसी 'अंधकार युग' में जी रहे हैं? क्या विभाग केवल वसूली के लिए बना है या जनता को मूलभूत सुविधाएँ देने के लिए?
अब देखना यह है कि बिजली विभाग के ये 'स्मार्ट' अफसर कब तक जनता की जेब पर डाका डालते रहेंगे और कब तक व्यवस्था को दुरुस्त कर 'बिजली रानी' को वापस बुलाएंगे। तब तक के लिए, पसीना बहाते रहिए और मीटर की रीडिंग देखकर अपनी धड़कनें बढ़ाते रहिए!

إرسال تعليق