महासमुंद:
दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्र-छात्राओं के समर्थन और केंद्र सरकार की छात्र-विरोधी नीतियों के खिलाफ महासमुंद के युवाओं और छात्र-छात्राओं ने नीट पेपर लीक घोटाले तथा हक की आवाज उठाने वाले विद्यार्थियों पर किए गए बर्बर लाठीचार्ज के विरोध में शहर में एक विशाल युवा आक्रोश मशाल रैली निकाली। इस जोरदार प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने किया।
लोहिया चौक से अंबेडकर चौक तक गूंजे नारे
यह विशाल मशाल रैली शहर के लोहिया चौक से शुरू होकर अंबेडकर चौक तक पहुंची। इस प्रदर्शन में युवाओं और छात्र-छात्राओं के साथ-साथ उनके पालकों (अभिभावकों) ने भी बहुत बड़ी संख्या में हिस्सा लेकर अपना समर्थन दर्ज कराया। रैली में जिला मुख्यालय के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए युवा, तथा चिकित्सा, इंजीनियरिंग और आईटीआई से जुड़े छात्र भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
दिग्गज नेताओं की रही विशेष उपस्थिति
रैली में कांग्रेस जिलाध्यक्ष व खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव के अलावा पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष केशव चंद्राकर, अमन चंद्राकर, निर्मल जैन, अक्षय साकरकर, पार्षद मुश्ताक खान, विक्की सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता लोहिया चौक पहुंचकर युवाओं के कंधे से कंधा मिलाकर चले और उनकी मांगों को पूरी तरह जायज ठहराया।
इस दौरान एक खास आकर्षण यह रहा कि अनेक युवाओं के बीच शहर की कक्षा आठवीं की बच्ची अदा जेहरा नकवी ने भी पालकों के साथ प्रदर्शन में हिस्सा लिया। सोनम वांगचुक के आमरण अनशन और जंतर-मंतर पर संघर्ष का जिक्र करते हुए वक्ताओं ने कहा कि देश भर के युवाओं की आवाज को अब टावर गैस या लाठीचार्ज के बल पर दबाया नहीं जा सकता।
तानाशाही रवैया छोड़े सरकार द्वारिकाधीश यादव
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा:
तानाशाही रवैया छोड़े सरकार! दिल्ली में अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्र-छात्राओं पर सरकार द्वारा लाठीचार्ज करवाना और उन्हें खदेड़ना बेहद निंदनीय है। सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए देश के भविष्य (छात्रों) पर हिंसक होने का झूठा लांछन लगा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार को अपना अहंकार त्याग कर देश की चरमरा चुकी शिक्षा व्यवस्था में तुरंत व्यापक सुधार करना होगा।"
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और युवाओं के हक में संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

إرسال تعليق