बागबाहरा
बागबाहरावार्ड नंबर 9 के कर्रापारा में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। यहां दो अज्ञात बदमाशों ने घर में अकेली महिला को बंधक बनाकर सोने का लॉकेट, चांदी का कंगन और कार की चाबी लूट ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पीड़ित महिला ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह अपनी बेटी धानेश्वरी साहू के साथ बागबाहरा कर्रापारा लखविंदर सिंह के मकान में किराए पर रहती है। घटना 18 अगस्त की है, जब उसकी बेटी ड्यूटी पर गई हुई थी और वह घर में अकेली थी। दोपहर के समय जब महिला रसोई में काम कर रही थी, तभी उसकी नजर खिड़की से छत की सीढ़ियों की तरफ गई और उसने एक व्यक्ति को नीचे उतरते देखा। अचानक अज्ञात व्यक्ति को घर की ओर आते देख महिला घबरा गई।
महिला द्वारा डर के मारे दरवाजा खोलने पर दो अज्ञात व्यक्ति अंदर घुस आए। आरोप है कि बदमाशों ने महिला को काबू में कर उसके ही दुपट्टे से उसके हाथ और मुंह बांध दिए। इसके बाद बदमाशों ने घर के सामान की तलाशी ली।
महिला के अनुसार, एक बदमाश ने बाहर आकर उसके गले पर चाकू अड़ा दिया और गले में पहना सोने का लॉकेट उतारने को मजबूर किया। लूटे गए लॉकेट में सोने के सात दाने लगे हुए थे और उसका कुल वजन करीब 5 ग्राम था। इसके अलावा बदमाश करीब 10 ग्राम वजनी चांदी का कंगन और कार की चाबी भी अपने साथ ले गए।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी घर के पीछे की ओर से फरार हो गए। जाते-जाते वे घर का दरवाजा बाहर से बंद कर गए थे। बदमाशों के जाने के बाद किसी तरह महिला ने घटना की जानकारी दी और बाद में पुलिस के पास पहुंचकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment