नारी शक्ति की बात करने वाली भाजपा महिला मोर्चा के लिए महिला नेतृत्व नहीं खोज पाई – दुर्गा सागर

 


महासमुंद।बागबाहरा 


 भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ द्वारा विभिन्न मोर्चों के प्रभारियों की जारी सूची को लेकर महिला कांग्रेस महासमुंद की जिलाध्यक्ष सुश्री दुर्गा सागर ने भाजपा पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ओर मंचों से नारी शक्ति, महिला सशक्तिकरण और महिलाओं की भागीदारी की बड़ी-बड़ी बातें करती है, लेकिन जब संगठन में महिलाओं को जिम्मेदारी देने की बात आती है तो महिला मोर्चा का प्रभार भी एक पुरुष नेता को सौंप दिया जाता है।

सुश्री दुर्गा सागर ने कहा कि भाजपा द्वारा जारी मोर्चा प्रभारियों की सूची में युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा सहित कुल सात मोर्चों के प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। आश्चर्यजनक रूप से महिला मोर्चा के प्रभारी के रूप में भी किसी महिला को जिम्मेदारी नहीं दी गई है।

उन्होंने भाजपा नेतृत्व से सवाल करते हुए कहा कि क्या छत्तीसगढ़ भाजपा में महिला मोर्चा का नेतृत्व और समन्वय करने योग्य कोई सक्षम महिला नेत्री मौजूद नहीं है? यदि भाजपा वास्तव में महिलाओं को संगठन में बराबरी का अवसर देने में विश्वास करती है, तो महिला मोर्चा की जिम्मेदारी किसी महिला को क्यों नहीं सौंपी गई?





सुश्री दुर्गा सागर ने कहा कि यह निर्णय भाजपा के महिला सशक्तिकरण के दावों और वास्तविकता के बीच का अंतर स्पष्ट करता है। भाजपा महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण की बातें तो करती है, लेकिन संगठनात्मक जिम्मेदारियों में महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व देने के मामले में उसका रवैया सवालों के घेरे में है।

उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा जैसी महत्वपूर्ण इकाई का उद्देश्य महिलाओं को संगठन से जोड़ना, उनके नेतृत्व को आगे बढ़ाना और महिला मुद्दों को मजबूती से उठाना है। ऐसे में महिला मोर्चा की जिम्मेदारी किसी महिला को न देकर पुरुष नेता को प्रभारी बनाना भाजपा की महिला नेतृत्व के प्रति सोच पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।

सुश्री दुर्गा सागर ने कहा कि महिलाओं को केवल चुनावी मंचों, विज्ञापनों और नारों तक सीमित रखने के बजाय भाजपा को संगठन के भीतर भी उन्हें वास्तविक नेतृत्व और जिम्मेदारी देनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा महिलाओं की राजनीतिक, सामाजिक और संगठनात्मक भागीदारी को मजबूत करने के पक्ष में रही है और महिलाओं को केवल प्रतीक नहीं बल्कि नेतृत्वकर्ता के रूप में स्थापित करने की सोच रखती है।

सुश्री दुर्गा सागर

जिलाध्यक्ष, महिला कांग्रेस

महासमुंद

Post a Comment

أحدث أقدم
💬 WhatsApp