झलप / बागबाहरा
झलप (छिलपावन) से बागबाहरा मार्ग की जर्जर और दयनीय स्थिति अब इस क्षेत्र के राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हर दिन का अभिशाप बनती जा रही है। सड़क पर बने गहरे गड्ढे और खस्ताहाल व्यवस्था के कारण आए दिन चारपहिया वाहन बीच रास्ते में फंस रहे हैं, जिससे भारी ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। वहीं, दूसरी ओर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग किसी खतरे से कम नहीं है, और आए दिन दुर्घटनाएं होने के कारण लोग गंभीर चोटों का शिकार हो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों और राहगीरों का कहना है कि इस मुख्य मार्ग की बदहाली को लेकर कई बार संबंधित विभागों और स्थानीय प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया है, लेकिन इसके बावजूद अब तक किसी भी प्रकार की ठोस कार्रवाई या मरम्मत का कार्य नहीं किया गया है। सड़क पर कीचड़, बड़े-बड़े गड्ढे और उखड़ी हुई डामर की परतें इस बात की गवाही दे रही हैं कि प्रशासनिकेक्षा के चलते यह मार्ग पूरी तरह से अपनी उपयोगिता खो चुका है।
यदि समय रहते इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया, तो आने वाले दिनों में यहां किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता है। क्षेत्र की जनता और यात्रियों ने शासन-प्रशासन से तत्काल प्रभाव से इस सड़क का निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू करने की पुरजोर मांग की है, ताकि लोगों को इस नित्य की परेशानी और दुर्घटनाओं के खतरे से निजात मिल सके।

إرسال تعليق