आरोपी ने पूछताछ में सरपंच तक गांजा पहुंचाने की कही बात, पुलिस जांच जारी
महासमुंद/कोमाखान।
कोमाखान थाना क्षेत्र में 6.290 किलोग्राम गांजा बरामदगी के मामले में पुलिस जांच के दौरान एक नया नाम सामने आया है। FIR में दर्ज पुलिस कार्रवाई के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में करहीडीह निवासी एवं ग्राम पंचायत के वर्तमान सरपंच रामेश्वर साहू के पास गांजा पहुंचाने की बात सामने आई है।
पुलिस ने 1 सितंबर को ग्राम टेमरी जांच नाका के पास वाहन चेकिंग के दौरान तीन युवकों को अलग-अलग दोपहिया वाहनों के साथ पकड़ा था। तलाशी में स्कूटी और बिना नंबर की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल से कुल 6.290 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 3 लाख 14 हजार 500 रुपये बताई गई है।
पूछताछ में लिया गया सरपंच का नाम
पुलिस दस्तावेजों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पुरुषोत्तम निषाद ने पूछताछ में गांजा ओडिशा के सहीपाला क्षेत्र से लाकर करहीडीह निवासी रामेश्वर साहू तक पहुंचाने की बात कही है। वहीं दूसरे आरोपी तोषण साहू ने गांजा खरियार रोड से भोरिंग-तुमगांव निवासी देवकुमार साहू तक पहुंचाने की जानकारी दी है।
मामले में तीन आरोपी तोषण साहू, नरेश ठाकुर और पुरुषोत्तम निषाद को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजे के अलावा TVS जुपिटर स्कूटी, बजाज पल्सर मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन सहित कुल करीब 4 लाख 54 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
हालांकि, उपलब्ध FIR में रामेश्वर साहू को आरोपी नहीं बनाया गया है। ऐसे में गांजा तस्करी मामले में उनकी कथित संलिप्तता की पुष्टि पुलिस की आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

إرسال تعليق